राजसमंद। अरावली पर्वतमाला को बचाने की मांग को लेकर जिले में आंदोलन लगातार जारी है। अखिल भारत हिंदू क्रांति सेना के बैनर तले शुक्रवार को कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन की ओर से शहर में वाहन रैली निकाली गई, जो विभिन्न मार्गों से होकर कलेक्ट्रेट पहुंची। कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अरावली पर्वत श्रृंखला राजस्थान की लाइफ लाइन मानी जाती है। यह पर्यावरण संतुलन, वर्षा चक्र, भू-जल संरक्षण और जैव विविधता के लिए बेहद आवश्यक है। बावजूद इसके अवैध खनन, अतिक्रमण और अनियंत्रित गतिविधियों के कारण अरावली को लगातार नुकसान पहुंच रहा है।
संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते अरावली को बचाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में गंभीर जल संकट और पर्यावरणीय समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। ज्ञापन में अरावली को संरक्षित क्षेत्र घोषित करने और अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।