मंदिर मंडल कामगार यूनियन की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ, श्रमिक अधिकारों के लिए संघर्ष का ऐलान
नाथद्वारा, राजसमंद। भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध नाथद्वारा मंदिर मंडल कामगार यूनियन की नवगठित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह अनुशासित एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में यूनियन पदाधिकारियों और सदस्यों की उपस्थिति में श्रमिक हितों को लेकर एकजुटता का संदेश दिया गया।
समारोह के दौरान बीएनएस के संरक्षक फतेह सिंह राव ने नवनियुक्त अध्यक्ष निरंजन गोरवा, उपाध्यक्ष ख्याली लाल लोहार सहित पूरी कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद अध्यक्ष निरंजन गोरवा ने संगठन को सशक्त बनाने, पारदर्शिता बनाए रखने तथा मंदिर मंडल के समस्त कर्मचारियों के अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि मंदिर मंडल में लंबे समय से श्रम कानूनों की अनदेखी की जा रही है, जिसे लेकर शीघ्र ही प्रशासनिक अधिकारियों से संवाद कर समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। गोरवा ने कर्मचारियों के वैधानिक अधिकार दिलाने को यूनियन की प्राथमिकता बताया।
उपाध्यक्ष ख्याली लाल लोहार ने सभी सदस्यों से संगठन को मजबूत करने और भारतीय मजदूर संघ की नीति एवं सिद्धांतों के अनुरूप कार्य करने का आह्वान किया। वहीं संरक्षक फतेह सिंह राव ने चार श्रम संहिताओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि इनके लागू होने से कर्मचारियों को अनेक सुविधाएं और अधिकार प्राप्त होंगे।
राव ने कहा कि श्रम संहिताओं के प्रभावी क्रियान्वयन से मंदिर मंडल सहित सभी संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों को उनका वैधानिक हक मिलेगा और यूनियन इन अधिकारों को सुनिश्चित कराने के लिए पूरी ताकत से कार्य करेगी।
कार्यक्रम में किशन लाल जोशी, लहर सिंह, नरपत सिंह, लक्ष्मी नारायण सनाढ्य, सुनील भाई नंगारची, मदनलाल नंगारची, मांगीलाल, जगदीश मेघवाल, दिनेश नंगारची, राजू भाई डागी, नारायण लाल गायरी, भूर सिंह, विजयलक्ष्मी, मांगी देवी, भगवत सिंह सहित बड़ी संख्या में मंदिर मंडल कामगार यूनियन के सदस्य उपस्थित रहे।
