वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने पर विविध कार्यक्रम आज

By :  vijay
Update: 2025-11-07 14:29 GMT

राजसमंद,। राष्ट्रगीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में शनिवार, 8 नवंबर को राजसमंद में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रगीत के प्रति सम्मान, एकता और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है।

जिला परिषद सीईओ बृजमोहन बैरवा ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8:45 बजे कलेक्ट्रेट के सामने स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि एवं पुष्पांजलि के साथ होगी, जहां अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक देश के वीर सपूतों को नमन करेंगे।

इसके बाद सुबह 9 बजे बालकृष्ण स्टेडियम से राष्ट्रगीत रैली का शुभारंभ होगा, जो महाराणा प्रताप पार्क मैदान (सिविल लाइन के पास) तक जाएगी। रैली में विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, स्काउट-गाइड, एनसीसी, एनएसएस सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भाग लेंगे।

मुख्य समारोह सुबह 10 बजे महाराणा प्रताप पार्क मैदान में आयोजित होगा, जिसमें देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और राष्ट्रगीत वंदे मातरम का सामूहिक गायन किया जाएगा।

इस अवसर पर जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा ने सभी नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर राष्ट्रगीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के इस ऐतिहासिक क्षण को सफल बनाने का आह्वान किया है।

Similar News